] Sirsa Chopta News

Advertisement

6/recent/ticker-posts

 

डबवाली पुलिस का विद्यार्थियों के लिए नया प्रोग्राम “पुलिस आपकी मित्र”

महिला थाना में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, महिला सुरक्षा के प्रति बढ़ी जागरूकता

महिला थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को कानूनी प्रणाली से करवाया अवगत

डबवाली, 19 मई।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत करवाने के उद्देश्य से “पुलिस आपकी मित्र” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत गांवों, शहरों व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गांव डबवाली के 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने महिला थाना डबवाली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली तथा विशेष रूप से महिला सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था, महिला अधिकारों और पुलिस की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी ने विद्यार्थियों को बताया कि महिला थाना घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ और महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई व समाधान के लिए विशेष रूप से कार्य करता है। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में वे हरियाणा पुलिस के हेल्पलाइन नंबरों पर बेझिझक संपर्क कर सकती हैं।

विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबर 1091 और 112 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही दुर्गा शक्ति ऐप और ‘डायल 112’ ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त की और इसे प्रेरणादायक अनुभव बताया। स्कूल प्रबंधन व अध्यापकों ने भी पुलिस विभाग का आभार जताया।

पुलिस विभाग के अनुसार, इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आने वाले समय में भी “पुलिस आपकी मित्र” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए पुलिस थानों का शैक्षणिक भ्रमण जारी रहेगा।

-

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ