सीएम विंडो पर आई शिकायतों का समयबद्ध करें निपटान : उपायुक्त
सिरसा, 19 मई। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि सीएम विंडो पर आई शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए और उनकी नियमित समीक्षा भी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एटीआर अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरती जाए।
उपायुक्त मंगलवार को मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित सीएम विंडो समीक्षा बैठक के उपरांत जिले के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिकायतों के निपटान में आ रही समस्याओं तथा उनके जल्द समाधान को लेकर सुझाव भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सोमवार और वीरवार को आयोजित समाधान शिविरों के साथ-साथ सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी, जिसमें एमिनेंट पर्सन भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता दें और प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर करें।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पोर्टल आम जनता के लिए बेहद उपयोगी माध्यम है, जिसके जरिए कोई भी नागरिक अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकता है। इसलिए शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सहरावत, जिला राजस्व अधिकारी संजय बिश्रोई, उप निदेशक कृषि डॉ. सुखदेव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और एमिनेंट पर्सन उपस्थित रहे।
फोटो: बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते उपायुक्त शांतनु शर्मा।

0 टिप्पणियाँ