चलती एसी स्लीपर बस में लगी आग, 3 बच्चों, 4 महिलाओं समेत 16 लोग झुलसे
राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार को चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। बचने के लिए लोग चलती बस से कूद गए।
हादसे में 3 बच्चों, 4 महिलाओं समेत 16 लोग झुलस गए। झुलसे यात्रियों को तीन एंबुलेंस से जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लेकर गए। जहां से सभी को जोधपुर रेफर कर दिया। अधिकांश यात्री 70 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
बस में 57 लोग सवार थे। नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने हादसे में 10-12 लोगों की जलने से मौत होने की आशंका है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
हादसा जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर आज दोपहर 3.30 बजे थईयात गांव के पास हुआ। आग की लपटें और धुआं काफी ऊंचाई तक उठता रहा।
बस रोजाना की तरह दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर दूर रास्ते में थईयात गांव के पास अचानक बस के पिछले हिस्से में धुआं उठने लगा।

0 टिप्पणियाँ