] Sirsa Chopta News

Advertisement

6/recent/ticker-posts

 

रक्तदान महान और पुण्य कार्य: एएसपी जयभगवान

सिरसा। शहर के भूमणशाह चौक पर फोर फार्मेसी एंड कॉस्मेटिक के नए स्टोर के शुभारंभ अवसर पर Lions Clubs International की स्थानीय इकाई लायंस इंटरनेशनल क्लब चोपटा सिटी की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

क्लब के सचिव दिनेश कुमार जांगड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयभगवान उप पुलिस अधीक्षक हरियाणा ने रिबन काटकर कैंप एवं स्टोर का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान और पुण्य का कार्य है, जिससे अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लायंस इंटरनेशनल क्लब चोपटा सिटी एवं फोर फार्मेसी एंड कॉस्मेटिक द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से आगे आकर रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने की अपील भी की।

क्लब के सचिव दिनेश कुमार जांगड़ा ने बताया कि क्लब हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि लायंस इंटरनेशनल क्लब चोपटा सिटी, फोर फार्मेसी एंड कॉस्मेटिक के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक दवाइयां पहुंचाने, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का कार्य निरंतर करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है और आने वाले समय में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य जारी रहेंगे।

रक्तदान शिविर में 21 दानी सज्जनों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का परिचय दिया। रक्त संग्रहण Vardan Charitable Trust की ओर से किया गया।

इस अवसर पर क्लब के सदस्य लायंस शमशेर सिंह, लायंस इंद्र सिंह, लायंस बंशीधर, जयबीर जांगड़ा, सुभाष बैनीवाल, राजेश सुथार, पवन धामू, महेश मेहता, अमित मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं फोर फार्मेसी एंड कॉस्मेटिक परिवार की ओर से डॉ. जयेश बांगा, साहिल दुहन, प्रवीण जाखड़, वीरेंद्र, संदीप स्वामी तथा अन्य सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई, जिसमें दूध, केले एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई गई। इसके साथ ही सभी रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट, स्मृति चिन्ह, मग एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।


फोटो:
रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते एएसपी जयभगवान एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्ति।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ