Weather alert. सर्दी से कांपा उत्तरभारत का मैदानी इलाका, हिसार में पारा @ 0.2 डिग्री सेल्सिय,दिल्ली,हिमाचल,उत्तरप्
Weather alert: उत्तर भारत के मैदानी इलाके सर्दी की चपेट में हैं। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि पंजाब-हरियाणा में घने कोहरे और सीवियर कोल्ड-डे की स्थिति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारत मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।आईएमडी वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में यह 0.8 डिग्री और पंजाब के भटिंडा में 1.5 डिग्री रहा। पहाड़ी इलाकों के साथ मैदानी भागों में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर तक सीमित हो गई। आईएमडी जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजस्थान के जयपुर, बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों और शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे रहा। गंगानगर-हनुमानगढ़ में आति घना कोहरा देखा गया, जहां शीतलहर और अति शीतलहर की स्थिति बनी। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, हिमाचल और उत्तराखंड में भी ठंड का प्रकोप जारी है। इन इलाकों में सुबह-शाम की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। आईएमडी ने हरियाणा और पंजाब के लिए शुक्रवार को कोहरे व सीवियर कोल्ड-डे का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य राज्यों में ऑरेंज अलर्ट के तहत चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम दृश्यता के कारण हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। वीरवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानें विलंबित हुई जबकि एनएच-44 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
राजस्थान में राहत की उम्मीद
भारत मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के बुलेटिन के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17-18 जनवरी को राजस्थान के उत्तरी-पश्चिमी भागों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इससे अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी और शीतलहर से राहत मिलेगी। हालांकि चेतावनी दी गई है कि एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 22 से 24 जनवरी को सक्रिय हो सकता है, जो फिर से ठंड बढ़ा सकता है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य बिभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों को घर से बाहर न निकलने की चेतावनी जारी की है। गर्म कपड़े पहनें, गर्म भोजन लें और कोहरे में वाहन धीरे चलाएं ऐसी सलाह आईएमडी व स्वास्थ्य विभाग दे रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ