तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब से लौटे श्रद्धालुओं का सिरसा में भव्य स्वागत, पुष्प वर्षा से किया अभिनंदन
सिरसा, 21 मई।
हरियाणा सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत महाराष्ट्र स्थित पवित्र तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं का वीरवार अल सुबह सिरसा रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के स्वागत में पुष्प वर्षा की गई और संगत व परिजनों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर आध्यात्मिक खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
गौरतलब है कि 15 मई को हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना’ के तहत सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस विशेष ट्रेन में हरियाणा के विभिन्न जिलों से 800 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए थे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खान-पान, सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं ने यात्रा को यादगार और आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
श्रद्धालुओं ने साझा किए अनुभव
बरूवाली निवासी कमला देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना उनके जैसे श्रद्धालुओं के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान इतनी अच्छी व्यवस्थाएं थीं कि घर जैसा माहौल महसूस हुआ।
कालांवाली निवासी कृष्णा ने कहा कि इस पावन यात्रा से मन को गहरी शांति और नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए इसे जीवन की सबसे यादगार धार्मिक यात्राओं में से एक बताया।
गांव हस्सू निवासी महेंद्र सिंह ने कहा कि यह योजना आम लोगों की आस्था और श्रद्धा का सम्मान करने वाली पहल है। आर्थिक कारणों से जो लोग तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते, उनके लिए यह योजना बड़ी राहत साबित हो रही है।
गांव पक्का शहीदां निवासी सुरजीत कौर ने कहा कि पूरी यात्रा बेहद सुरक्षित और अनुशासित रही। श्री हजूर साहिब में मत्था टेककर जो आत्मिक शांति मिली, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
लक्कड़ावाली निवासी सुखदेव सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा विशेष ट्रेन और सुविधाएं उपलब्ध करवाने से यात्रा बेहद आसान और आरामदायक बन गई। वहीं करतार सिंह ने इस यात्रा को जीवनभर याद रहने वाला आध्यात्मिक अनुभव बताया।
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ