] Sirsa Chopta News

Advertisement

6/recent/ticker-posts

 

बढ़ती महंगाई व नीट परीक्षा रद्द होने पर भड़की कांग्रेस, किया प्रदर्शन

युवाओं के भविष्य से लगातार खिलवाड़ कर रही भाजपा सरकार : संतोष बैनीवाल

सिरसा।
देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला प्रधान Santosh Bainiwal के नेतृत्व में लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को जिला उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस प्रकरण ने लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं तथा इस घटना से आहत होकर कई विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें बेहद पीड़ादायक हैं।

उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आई हों। पिछले वर्षों में भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि संगठित पेपर लीक माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कठोर और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का विश्वास फिर से कायम हो सके।

बैनीवाल ने कहा कि 15 मई 2026 को केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये से अधिक तथा सीएनजी में 3 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब आम नागरिक पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट की मार झेल रहा है। ईंधन मूल्यों में वृद्धि से परिवहन, कृषि, उद्योग और दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान वर्ग इस बढ़ोतरी से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। ट्रैक्टर, ट्यूबवेल, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्रों के संचालन में डीजल की आवश्यकता होती है। डीजल की कीमत बढ़ने से खेती की लागत में भारी इजाफा हुआ है, जिससे किसानों की आय और आजीविका पर संकट गहरा गया है।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पिछले 11 वर्षों के शासनकाल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार टैक्स और उपकर बढ़ा रही है, लेकिन आम जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।

जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की कि नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों एवं पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े कानून लागू किए जाएं तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत दी जाए।

इस अवसर पर एडवोकेट नरेश मलिक, एडवोकेट केआर पिलानिया, एडवोकेट नरेंद्र शर्मा, एडवोकेट विकास ढिल्लों, एडवोकेट संतोष कटारिया, एडवोकेट चंचल, एडवोकेट जतिन, एडवोकेट अलका, एडवोकेट राजेंद्र कासनिया, सुभाष सरपंच, मांगेराम सरपंच, रामकुमार खैरेकां, हरिसन विलियम, सतपाल मेहता, वेदपाल डांगी, लखविंदर कंडा, सुखदेव सिंह करीवाला, एमसी चंचल, नरेश मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ