मंगाला घग्घर डायरेक्ट ड्रेन जमाल के खेतों में 3 जगह कटाव, 35 एकड़ जमीन में फसल जलमग्न, किसानों ने मांगा फसलों के नुकसान का मुआवजा
चौपटा. क्षेत्र के गांव जमाल में मंगाला घग्घर डायरेक्ट ड्रेन अचानक ओवरफ्लो होने के कारण पानी का रिसाव शुरू हो गया।। ड्रेन के तीन जगह कटाव से किसानों की करीबन 35 एकड़ भूमि पर खड़ी नरमा की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ड्रेन टूटने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग का बेलदार राजेश कुमार मौके पर पहुंचा। फसलों का नुकसान होने पर किसानों ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
गांव जमाल में पदमपुर पुल के समीप बुर्जी नंबर 77000 के पास किसान प्रेम सिंह के खेत में मंगाला घग्घर डायरेक्ट ड्रेन में अचानक रिसाव शुरू हो गया। ड्रेन में एक के बाद तीन जगह से कटाव हो गया। जिससे किसान विजय कुमार, जसवंत, प्रेम सिंह, अजय कुमार, रामकिशन सहित कई किसानों की नरमा कपास मूंगफली और ग्वार की फसल जल मग्न हो गई। इसके साथ ही खेतों में लगे नलकूप भी पानी की चपेट में आ गए। उधर राजेंद्र बैनीवाल, रामचंद्र जयवीर के खेतों में बानी ढाणियों के चारों तरफ पानी फैल गया । इसकी सूचना किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग का बेलदार राजेश कुमार मौके पर पहुंचा। इसके बाद जेसीबी व किसानों की सहायता से ड्रेन में कटाव को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है।
किसान प्रेम कुमार, धर्मपाल, कालूराम, दौलत राम ने बताया कि मंगाला घग्घर डायरेक्ट ड्रेन अचानक टूट गई। इससे नरमा, मुंगफली की फसल में जलभराव होने से काफी नुकसान हुआ है। इन फसलों के नुकसान का मुआवजा दिया जाए।

0 टिप्पणियाँ