
चौपटा न्युज । हरियाणा टैलेंट सर्च स्कॉलरशिप प्रतियोगिता में आरोही मॉडल स्कूल नाथूसरी कलां के 3 विद्यार्थियों दर्शना, पूनम व मनीष का चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष प्रत्येक को 18000 रुपए छात्रवृत्ति मिलेगी। यह जानकारी देते हुए आरोही मॉडल स्कूल नाथूसरी कलां के प्राचार्य रमेश कुमार ने बताया कि प्रतिभा खोज प्रतियोगिता स्कीम के अंतर्गत हरियाणा के विज्ञान संकाय के 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 1000 बच्चों का चयन किया गया है। जिनमें 250 बच्चे सीबीएसई बोर्ड से तथा 750 विद्यार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के हैं। सभी विद्यार्थी विज्ञान संकाय से होते हैं। इस बार इस स्कीम के अंतर्गत सिरसा जिले के 24 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। जिनमें से 3 विद्यार्थी दर्शना पुत्री राम कुमार, पूनम पुत्री राजेश कुमार व मनीष पुत्र रामचंद्र आरोही मॉडल स्कूल नाथूसरी कलां से है। इन विद्यार्थियों को ₹18000 प्रति वर्ष के हिसाब से छात्रवृत्ति मिलेगी। उन्होंने इन विद्यार्थियों को बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। जिसमें संगीता ने 460 अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा अभिषेक ने 456 अंकों के साथ स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय में दसवीं कक्षा में 95.91 प्रतिशत बच्चों ने परीक्षा पास की है। स्कूल स्टाफ की तरफ से सभी सफल बच्चों को बधाई दी है।
0 टिप्पणियाँ