] अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

Advertisement

6/recent/ticker-posts

अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

 

अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

चोपटा।

हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के मार्गदर्शन में जैव विविधता प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत गुसाईंयाना एवं माटी संस्था के सहयोग से ऋग्वेद पब्लिक स्कूल, शक्कर मंदोरी, नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2026 के अवसर पर जागरूकता एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करना” रखा गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जैव विविधता संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना सभरवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जैव विविधता प्रकृति का अमूल्य उपहार है, जो मानव जीवन, पर्यावरण और पृथ्वी के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं के कारण जैव विविधता को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा स्थानीय जैव संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास किए जाएं, तो उनका सकारात्मक प्रभाव वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केशव ने “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करना” विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जैव विविधता केवल पेड़-पौधों और वन्य जीवों तक सीमित नहीं है


, बल्कि यह सम्पूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का संदेश दिया और बताया कि स्थानीय वनस्पतियों, जल स्रोतों तथा जीव-जंतुओं का संरक्षण करके पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अभियानों में विद्यार्थियों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि युवा पीढ़ी ही भविष्य में समाज को सही दिशा प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जैव विविधता संरक्षण से संबंधित अपने विचार भी व्यक्त किए तथा पर्यावरण सुरक्षा हेतु संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ